CHHAPRA DESK - सारण जिले के दिघवारा थाना अंतर्गत सैदपुर गांव में बाइक के अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराने के कारण बाइक सवार युवक की मौत उपचार के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हो गई. मृत युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी राजकुमार राय का 19 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह बाइक से जा रहा था, उसी बीच उसकी बाइक तेज गति होने के कारण अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई. जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बनने लगा. उस दौरान आनन-फानन में उसे दिघवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.