HAJIPUR / MUZAFFARPUR DESK - हाजीपुर जिलांतर्गत के इमातपुर-महुआ मार्ग पर शंभूपुर ग्वार कुंवारी गांव के समीप आज तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार मुकेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के करजा शक्ति गांव निवासी नागेंद्र सिंह के पुत्र मुकेश सिंह के रूप में हुई है. बताया गया कि मुकेश सिंह अपने भांजे को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से देसरी जा रहे थे. उसी दौरान शंभूपुर ग्वार कुंवारी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई. घटना के बाद सड़क पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया. जिसके बाद सराय पुलिस को हादसे की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को संभाला और ट्रैक्टर व चालक को अपने कब्जे में ले लिया. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है.