CHHAPRA DESK- छपरा-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर आज रात्रि डोड़ीगंज थाना अंतर्गत लालबाजार के समीप अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृत युवक की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा गांव निवासी दिनेश प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.मिली जानकारी के अनुसार, विकास आज देर शाम लालबाजार से साइकिल पर सवार होकर अपने घर जलालपुर जा रहा था. उसी दौरान जैसे ही वह लाल बाजार के समीप सड़क पार करने लगा तभी छपरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने छपरा-पटना एनएच-19 को जाम कर दिया. उस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और आक्रोशित लोगों ने पुलिस को वहां से खदेड़ दिया.बताया जाता है कि मृतक राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके दो छोटे बच्चे हैं. परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.समाचार प्रेषण तक ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम रखा गया था, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा.