CHHAPRA DESK- छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवाजी टोला चौक के समीप बीती रात अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से जयप्रकाश विश्वविद्यालय के गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई. मृत गार्ड की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के बड़ा तकिया गांव निवासी दुर्गा प्रसाद के पुत्र रामजीत प्रसाद के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि रामजीत प्रसाद पिछले करीब चार वर्षों से जयप्रकाश विश्वविद्यालय में गार्ड के रूप में कार्यरत थे. वह प्रतिदिन साइकिल से अपने गांव से ड्यूटी के लिए आते-जाते थे. बीती रात भी वह साइकिल से ड्यूटी पर आ रहे थे. उसी दौरान शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवाजी टोला चौक के समीप तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में गंभीर रूप से घायल रामजीत प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. मृतक अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं. पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है.