GOPALGANJ DESK - बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत खानपुर अजमत गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां तीन दिनों से लापता 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी का शव पड़ोसी के एक पुराने घर के पीछे से बरामद किया गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया. वही पड़ोसी घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. परिजनों ने पुरानी रंजिश में छात्रा की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. जानकारी के अनुसार, संजना पिछले तीन दिनों से लापता थी. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी. इसी बीच आज गांव में एक पुराने घर के पीछे उसका शव मिला. शव की पहचान होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. घटना से आक्रोशित परिजन एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव उठाने का विरोध करने लगे. सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर कर्मवीर प्रसाद के नेतृत्व में जांच शुरू की गई. डॉग स्क्वायड, एफएसएल और डीआईयू की टीम ने भी घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य जुटाए. परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण छात्रा को घर से बुलाकर उसकी हत्या की गई. हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वही सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार के बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एसडीपीओ के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.