VAISHALI DESK - बिहार एसटीएफ पटना की गुप्त सूचना पर वैशाली जिला के सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पानापुर लंगा भुइयां स्थान के पास हथियारों की खरीद-बिक्री करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, एक तस्कर मौके से भागने में सफल रहा. पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, सात कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. एसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एसटीएफ पटना से सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के पानापुर लंगा में कुछ हथियार तस्कर सक्रिय हैं और हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस ने त्वरित छापेमारी की. गिरफ्तार तस्करों की पहचान पानापुर लंगा, सदर थाना, वैशाली निवासी राजा कुमार उर्फ लाभांशु राज और दीना पासवान के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान राजा कुमार की कमर से एक पिस्टल मिली, जिसके बट पर सुनहरे रंग की प्लेट लगी थी और उस पर 'मेड इन यूएसए' चाइना लिखा था. पिस्टल को अनलोड करने पर मैगजीन में चार कारतूस बरामद हुए। उसके पास से एक आईफोन और एक कीपैड मोबाइल भी मिला. वहीं, दीना पासवान के पास से एक मैगजीन और तीन कारतूस के साथ एक मोबाइल बरामद हुआ. पूछताछ में दोनों ने बताया कि बरामद हथियार उन्हें फरार तस्कर कुणाल कुमार उर्फ दीवानी उर्फ डीडी सिंह ने दिए थे, जिन्हें 40 हजार रुपये में खरीदा गया था. इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 600/26 के तहत आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसपी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार राजा कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. राजा कुमार के खिलाफ पहले से बराटी थाना में कांड संख्या 286/26 में मद्य निषेध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
