ARARIA DESK - अररिया जिला के भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 08 स्थित मुस्लिम टोला में बीते देर शाम हुए भीषण विस्फोट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आज देर शाम एसपी जितेंद्र कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि धमाका घर में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुआ था. हादसे में दो महिला और एक बच्चे की मौत हुई है. घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी गठित कर अररिया, सुपौल और मधेपुरा के विभिन्न अस्पतालों एवं संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. उसी दौरान नरपतगंज से दो घायल लोगों को बरामद कर पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि भरगामा मुस्लिम टोला स्थित एक घर में अवैध रूप से पटाखा निर्माण का काम चल रहा था. उसी दौरान जोरदार विस्फोट हुआ था. धमाका इतना भीषण था कि घर क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के इलाके में इसकी तेज आवाज सुनाई दी. घटना की सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, एफएसएल और इंटेलिजेंस की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष, रेसिड्यू और अन्य नमूने विधिवत जब्त किए. एसपी ने बताया कि मलबे से मानव शरीर के अंगों के टुकड़े मिलने के बाद पुलिस को हादसे में जनहानि होने की पुष्टि हुई. जब्त किए गए रेसिड्यू की फॉरेंसिक जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि पटाखा निर्माण में किस प्रकार के बारूद और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था.