CHHAPRA DESK - सारण जिला के जनता बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है. आरोप गांव के 50 वर्षीय मुल्ला अंसारी पर लगा है. त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि घटना चार-पांच दिन पहले की बताई जा रही है. जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. परिजनों के अनुसार आरोपित की परचून की दुकान है. आरोप है कि चॉकलेट देने के बहाने बालिका को बहला-फुसलाकर दुकान के पीछे ले जाया गया. वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया. घटना के

बाद मामला कुछ समय तक दबा रहा. जब घटना से जुड़ा वीडियो सामने आया तो लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा. जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही जनता बाजार पुलिस ने मामले की छानबीन कर कार्रवाई की. फिलहाल आरोपित को पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है. घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. वहीं एहतियातन पुलिस गश्त कर रही है. इस मामले में जनता बाजार थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बालिका को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा जा रहा है. मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.