CHHAPRA DESK - सारण जिला के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मैरिज हॉल में बर्थडे पार्टी में डांस करके लौट रही ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता का इलाज अमनौर सीएचसी में कराया गया है. पुलिस ने पीड़िता के फर्द बयान पर आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. पीड़िता अमनौर के पहाड़पुर स्थित एक आर्केस्ट्रा पार्टी में नर्तकी के रूप में काम करती है. शनिवार की शाम वह तीन अन्य नर्तकियों के साथ मशरक स्थित राज लक्ष्मी मैरिज हॉल में बर्थडे पार्टी का कार्यक्रम करने गई थी. रात भर कार्यक्रम शांतिपूर्ण चला. आरोप है कि अहले सुबह कार्यक्रम के बाद दो बाइक और एक स्कूटी से उसे वापस अमनौर लाया जा रहा था. उसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक तेजी से आगे निकल गया और उस डांसर को तरैया थाना क्षेत्र के छपिया पानी टंकी के पास सुनसान जगह पर ले जाकर घटना को अंजाम दिया. वहीं इस मामले में पीड़िता ने अपने साथियों पर भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. घटना के बाद पीड़िता ने अपने आर्केस्ट्रा संचालक को फोन पर जानकारी दी. संचालक मौके पर पहुंचा और उसे लेकर अमनौर सीएचसी आया, जहां उसका उपचार किया गया. वहीं सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार महिला पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. प्रथम दृष्टया घटना स्थल तरैया थाना क्षेत्र का होने के कारण तरैया पुलिस को सूचित किया गया है. अमनौर पुलिस ने फर्द बयान के आधार पर आधा दर्जन लोगों को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं इस घटना के बाद आर्केस्ट्रा संचालकों में आक्रोश है.
बर्थडे पार्टी से लौट रही डांसर के साथ दुष्कर्म ; आधा दर्जन पर केस दर्ज


