CHHAPRA DESK - छपरा सदर अस्पताल में चारों तरफ सीसीटीवी लगे होने के बावजूद भी चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इस सप्ताह में चोरों ने चोरी की दूसरी घटना को अंजाम दिया है. जहां पहले अस्पताल के ड्रग विभाग एवं अन्य विभागों के चार एसी आउटलेट के तांबे के पाइप काटे गए थे, वही बीती देर रात चोरों ने एक बार फिर अस्पताल के कई महत्वपूर्ण विभागों को निशाना बनाया. चोरों ने डायलिसिस विभाग, आरटीपीसीआर जांच केंद्र और एआरटी केंद्र के करीब आधा दर्जन एसी आउटलेट के तांबे के पाइप काटकर चोरी कर लिया है. सदर अस्पताल में सीसीटीवी लगे होने के बावजूद लगातार हो रही चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. आज पुन: भगवान बाजार थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और जांच पड़ताल किया. जिसके बाद अब सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है. 

डायलिसिस कराने पहुंचे मरीजों को हुई परेशानी 

डायलिसिस सेंटर के चार एसी आउटलेट के तांबे का पाइप काटे जाने के बाद डायलिसिस सेंटर का एसी काम करना बंद कर दिया. जिसके बाद डायलिसिस करने पहुंचे मरीजों को खासी परेशानी उठानी पड़ी. डायलिसिस करवाने पहुंचे मरीजों को पंखे के सहारे ही डायलिसिस करवानी पड़ी. डायलिसिस सेंटर के मैनेजर को पहले तो लगा कि एसी खराब हो गया है और मैकेनिक को बुलाया गया. जिसके बाद पता चला कि सभी एसी के आउटलेट से तांबे का पाइप काट लिया गया है. तब इस घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई.

चप्पे-चप्पे पर कैमरे, फिर भी चोरी

सदर अस्पताल परिसर में सुरक्षा के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा अस्पताल में पुलिस चौकी भी बनाया गया है. इसके बावजूद चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अस्पताल कर्मियों का कहना है कि महत्वपूर्ण विभागों में चोरी होने से कामकाज प्रभावित हो रही है.