CHHAPRA DESK - सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र से एक बड़ी व सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां एक किशोरी की अपहरण के बाद हत्या किए जाने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है. इस मामले में पीड़ित परिवार का आरोप है कि उसका अपहरण कर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को फेंका गया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. वहीं स्थानीय पुलिस ने जांच उपरांत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. इस मामले में तरैया थाना अध्यक्ष का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह ज्ञात हो पाएगा कि हत्या से पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया गया है अथवा नहीं. बताया जा रहा है कि बीते दिन शनिवार को किशोरी का अपहरण कर लिया गया था. जिसके बाद आज उसका शव मुरलीपुरा नहर से बरामद किया गया. उसकी हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शरीर में ईंट बांधकर उसे नहर में डुबोया गया था. इस मामले में परिजनों ने युवती का अपहरण के बाद रेप कर हत्या कर देने का आरोप लगाया है. सूचना के बाद थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप शव को बरामद कर थाने लाए. जिसके बाद मृतका के परिजनों ने थाना पहुंच कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री का शाहनेवाजपुर गांव निवासी मंटू राय अपहरण किया था. उसके बाद उसके साथ कुछ लोग और मिलकर उसकी पुत्री के साथ रेप कर हत्या कर दिया और शव को नहर में फेंक दिया गया. परिजनों ने रेप के बाद युवती के चेहरे पर तेजाब फेंक कर हत्या करने और कमर में रस्सा से ईंट बांधकर शव को नहर में फेंकने का आरोप लगाया है. 

शनिवार को दर्ज की गई थी अपहरण की प्राथमिकी 

मृतिका की मां के ब्यान पर इस संबंध में बीते दिन शनिवार को स्थानीय थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई थी. घटना स्थल पर एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु एवं इंस्पेक्टर इन्द्रदेव महतो पहुंचकर मामले की जांच कर रहे है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है. वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के बाद ही यह ज्ञात होगा कि हत्या से पहले किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया था अथवा नहीं. फिलहाल पुलिस अनुसंधान में जुटी है.