SARAN DESK - छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बाजार मोहल्ले में बीती देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ लोगों द्वारा खुलेआम हथियार का प्रदर्शन किए जाने लगा, जिसका वीडियो अब वायरल होने लगा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार नई बाजार मोहल्ला के वजीर अंसारी तथा रमोद राय के पुत्र से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. घटना की जानकारी मिलने पर भगवान बाजार पुलिस तथा डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की. वहीं मोहल्ले के वीरेंद्र अहीर के द्वारा भगवान बाजार थाना अध्यक्ष को इस मामले में कार्रवाई करने को लेकर पत्र लिखा गया है. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. हालांकि, हलचल न्यूज़ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वहीं विवाद के बाद एक पक्ष की ओर से भगवान बाजार थाना में छेड़खानी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जबकि दूसरे पक्ष की ओर से अब तक थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंधीर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि विवाद की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसकी भी सत्यता की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.