CHHAPRA DESK- इस वक्त की बड़ी खबर छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत सोनार पट्टी बाजार से सामने आ रही है, जहां एक आभूषण दुकान में भीषण आग लग गई और देखते-देखते पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई. उक्त दुकान जय स्वामी आभूषण भंडार बताई जा रही है. जो कि सोने चांदी की थोक दुकान है. इस मामले में आभूषण व्यवसायी राजेश प्रसाद के द्वारा अंदेशा जताया गया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है. बताया जाता है कि दुकान उस वक्त भी खुली थी और अचानक आग लगने के बाद सभी लोग भाग कर नीचे उतरे. जिसके बाद इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई और मौके पर पहुंची दमकल वाहन ने काफी मशक्कत के बाद पाइप लेकर तीसरे माले पर अवस्थित जय स्वामी दुकान पर पहुंची और घंटेभर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. तब तक दुकान का सारा सामान जलकर पूरी तरह स्वाहा हो चुका था. वहीं घटना के बाद उक्त व्यवसायी सदमे में चले गए, जिसके कारण क्षति का आकलन समाचार प्रेषण तक नहीं हो पाया है. वहीं इस घटना के बाद सोनारपट्टी बाजार में अफरातफरी मची हुई है.
जय स्वामी आभूषण दुकान के किचन में लगी थी आग
जय स्वामी आभूषण दुकान के जिस जगह पर आग लगी थी वह दुकान का किचन एरिया है, जो कि दुकान के साथ ही है. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है स्थानीय दुकानदारों के अनुसार जय स्वामी दुकान का यह क्षेत्र किचन के रूप में प्रयोग होता था, जिसमें ग्राहकों के लिए चाय-नाश्ते तैयार किए जाते थे. जिसके कारण फर्नीचर व अन्य सामानों के जलने से क्षति हुई है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में जलने से क्षति होनेवाले सामानों का आकलन कर फायर ब्रिगेड को दिए जाने की प्रक्रिया जारी थी.

