CHHAPRA DESK- इस वक्त की बड़ी खबर छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार मोहल्ले से सामने आ रही है, जहां शहर के निचली सड़क स्थित जय नारायणजी के मंदिर से चोरों ने करीब डेढ़ सौ साल पुरानी अष्टधातु की छोटी-छोटी आठ मूर्तियां चोरी कर ली है. इसके साथ ही मंदिर में रखे घंटे, भोग लगाने वाली थाली और आरती की थाली भी चोर अपने साथ लेकर चले गए. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है बताया जा रहा है कि धनतेरस पूजन को लेकर मंदिर में ताला नहीं लगाया गया था और चोरों ने मंदिर के भगवान पर ही हाथ साफ कर दिया. आज जब पुजारी मंदिर परिसर में पूजा करने पहुंचे तो मूर्तियां और अन्य सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद उन्होंने मंदिर की देखरेख करने वाले बृजमोहन प्रसाद को घटना की जानकारी दी. बृजमोहन प्रसाद ने तत्काल भगवान बाजार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. घटना के संबंध में बृजमोहन प्रसाद ने बताया कि मंदिर में पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती आ रही है, लेकिन आज तक इस तरह की चोरी की घटना नहीं हुई थी. चोरों ने मंदिर में प्रवेश कर केवल अष्टधातु की मूर्तियों को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि पूजा में इस्तेमाल होने वाले घंटे और बर्तन भी चोरी कर लिए. चोर इतने शातिर थे कि वे अष्टधातु की मूर्तियों की पहचान कर उन्हें अपने साथ ले गए, जबकि मंदिर में रखी मिट्टी की मूर्तियों और अन्य प्रतिमाओं को हाथ तक नहीं लगाया.

धनतेरस के कारण मंदिर में नहीं लगा था ताला

बताया जाता है कि धनतेरस के अवसर पर मंदिर में ताला नहीं लगाया गया था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. मंदिर से डेढ़ सौ साल पुरानी मूर्तियों की चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी है. वहीं, धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी सूरज कुमार दलबल के साथ मंदिर पहुंचे जहां पर उन्होंने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. वहीं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.