CHHAPRA DESK - सारण जिला के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 7 वर्षीय बच्ची से छेड़खानी का मामला सामने आया है. घटना के बाद से आरोपी साइकिल मिस्त्री फरार बताया जा रहा है. पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि उनकी सात साल की बेटी साइकिल ठीक कराने गांव के साइकिल मिस्त्री की दुकान पर गई थी. घर आने पर बच्ची ने बताया कि दुकानदार ने उसके साथ गलत व्यवहार किया. इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस प्रशासन को दी. सूचना मिलते ही मढ़ौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास सहित अमनौर पुलिस मौके पर पहुंच मामले की तहकीकात शुरू की. वहीं पुलिस ने पीड़िता और परिजनों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्ची के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश है. वहीं पीड़ित के परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. इधर पुलिस ने पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है.