CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में दो पक्षों का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया. इस हमले में एक महिला सिपाही सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने घटना के बाद हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हो रही थी. सूचना मिलने पर तरैया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करने लगी. उसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस हमले में चुनचुन कुमार, प्रवीण कुमार, कुणाल कुमार सिंह, मंगल ठाकुर और महिला पुलिसकर्मी किरण कुमारी घायल हो गए. सभी घायल पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार तरैया के रेफरल अस्पताल में कराया गया. वहीं, दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में संग्रामपुर निवासी बिंदु देवी, नितेश कुमार राय, सुकेश्वरी देवी और विकास कुमार भी घायल हुए हैं जिनका उपचार भी रेफरल अस्पताल में कराया गया. इस मामले में तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि कर्तव्य पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दो पक्षों का झगड़ा सुलझाने पहुंची थी पुलिस बल पर लोगों ने बोला हमला ; पांच पुलिसकर्मी घायल

