CHHAPRA DESK- छपरा शहर के नंदलाल छपरा मुफस्सिल थाना अंतर्गत नंदलाल छपरा में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिवार वालों ने दोस्त पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस इस घटना के बाद मामले की छानबीन में जुटी हुई है. मृत युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा गांव निवासी स्वर्गीय सुग्रीव राय का 28 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार राय बताया गया है. इस घटना के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है, जहां पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के भाई रामायण कुमार ने बताया कि गांव के ही भोला नामक एक युवक ने फोन कर अपनी बाइक के पर बैठाकर उसे साथ ले गया था और देर रात उसके छोटे भाई राकेश के शव को घर के बाहर रखकर भाग गया जिसे उन्होंने भागते हुए देखा है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. इस संबंध में जहां परिवार वालों का आरोप है कि साथ ले जाकर उसकी हत्या की गई है. वहीं मुफस्सिल थानाध्यक्ष द्वारा इस संबंध में बताया गया की प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है. इस मामले में फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इस मामले में पीड़ित के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस इस घटना के सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है.