VAISHALI DESK - बिहार के वैशाली जिले से आज सुबह एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की खबर सामने आई है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासोगांव गांव में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान 35 वर्षीय जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में रास्ता और जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के दौरान आरोपी भतीजे ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियां लगने से पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया. सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मुख्य आरोपी समेत अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में कार्यरत थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे. किसी ने नहीं सोचा था कि छुट्टियां मनाने आए जवान की इस तरह दर्दनाक हत्या हो जाएगी. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है.
डबल मर्डर : छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान की गोली मारकर हत्या ; पिता को भी गोलियों से भूना


