CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत एकमा थाना क्षेत्र के सफरी गांव में बीती देर रात चोरों ने एक ही रात लगातार तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर एक घर से नकद, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज समेत लाखों रुपये का सामान ले गए. वहीं, दूसरे घर से नकद और बैग चोरी होने की बात सामने आई है. तीसरा घर घटना के समय बंद था, जिसके गृहस्वामी के लौटने के बाद चोरी गए सामान और उसकी कीमत का पता चल सकेगा. एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. सफरी गांव निवासी अमर किशोर सिंह के लिखित आवेदन के अनुसार, रविवार की रात करीब 1:15 बजे उन्हें घर में कुछ खटपट और आवाज सुनाई दी. नींद खुलने के बाद वह अपने पुत्र हिमांशु कुमार के साथ बाहर निकले तो चार नकाबपोश चोर भागते दिखाई दिए. शोर मचाने पर सभी चोर मौके से फरार हो गए। घर के अंदर जाने पर दीवान और अलमारी खुली मिली तथा सामान बिखरा पड़ा था.

पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में बाहरी सीढ़ी के रास्ते प्रवेश किया और अलमारी व अन्य सामान को खंगालने के बाद सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. चोरी गए आभूषणों में सोने के तीन महावीर जी के लॉकेट, एक जिउतिया, चार चूड़ा, एक मांगटीका, चार जोड़ी कान की झुमकी, एक हार, एक जोड़ी बाजूबंद और एक कमरधनी शामिल हैं. इसके अलावा चोर चांदी की तीन जोड़ी पायल और एक चांदी का नोट भी ले गए।

चोरों ने मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत अन्य जरूरी कागजात भी चोरी कर लिए. पीड़ित के अनुसार चोर घर के पीछे के रास्ते से प्रवेश करने के बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हुए. वहीं, पड़ोसी और वार्ड सदस्य अशोक सिंह के घर से करीब पांच हजार रुपये नकद और एक बैग चोरी होने की बात सामने आई है. तीसरा घर महेश सिंह का बताया गया है, जो घटना के समय बंद था. गृहस्वामी के वापस लौटने के बाद ही वहां चोरी गए सामान और उसकी कीमत का सही आकलन हो सकेगा. पीड़ितों के अनुसार चारों चोरों ने चेहरे ढक रखे थे. उनकी संदिग्ध गतिविधियां पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की. थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि पीड़ित की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है.पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.