CHHAPRA DESK- सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लेजुआर गांव में एक व्यक्ति की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया. मृतक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के लेजुआर गांव निवासी ठकु यादव के 45 वर्षीय पुत्र रविंद्र यादव के रूप में की गई है. जो कि मूल रूप से दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कठाल गांव का रहने वाला था. वह पिछले करीब 20 वर्षों से पत्नी और बच्चों के साथ लेजुआर में रह रहा था. जहां वह एक नृत्य पार्टी में काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था.  इस संबंध में परिवार वालों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीते दिन उनकी पत्नी पशु के लिए चारा लाने खेत में गई थीं और दोनों बच्चे विद्यालय गए थे. उसी दौरान घर लौटने पर बच्चों ने घर के पीछे नलकूप के पास उन्हें खून से लथपथ और गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में पड़ा देखा. उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और उनकी पत्नी को सूचना दी. जिसके बाद रविंद्र को दाउदपुर के एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. छपरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ प्रेमचंद्र सिंह और दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे. इस मामले में समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. परिवार वाले इसे मारपीट कर हत्या बतला रहे हैं. वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, एक दिन पूर्व रविंद्र की गांव के कुछ लोगों से धक्का-मुक्की हुई थी. इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला चापाकल पर गिरने से मौत का प्रतीत हो रहा है. पीड़ित के आवेदन के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.