MOTIHARI DESK - बिहार के मोतिहारी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बापूधाम रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहे एक युवक को नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जांच में पता चला कि वह असली पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि फर्जी सिपाही था. पुलिस पूछताछ में युवक ने दावा किया कि पुलिस की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 4 लाख रुपये की ठगी की गई थी. रुपये देने के बाद उसे पुलिस की वर्दी उपलब्ध कराई गई और वह खुद को सिपाही बताकर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी करने लगा. स्टेशन पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक से पूछताछ की और उसके दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह फर्जी निकला. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. नगर थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक को वर्दी किसने उपलब्ध कराई. नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये किसने लिए और इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित ठगी गिरोह तो नहीं है. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.