CHHAPRA DESK- सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरली सिरिसियां गांव में 9 वर्षीय मासूम की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सूचना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं जांच के लिए स्थानीय थाना प्रभारी के साथ डीएसपी व एसएससी रोशन कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन प्रारंभ की. जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां आज शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. घटना बीती रात की बताई गई है. मृत बच्चा भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरली सिरिसियां गांव निवासी सुमन ठाकुर के 9 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार बताया गया है. उसका शव थाना क्षेत्र के बसतपुर नहर स्थित बांसवाड़ी से बरामद किया गया है. वहीं शव मिलने की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना पर भेल्दी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा DSP व एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर छानबीन शुरू करवाई. वहीं शव मिलने की खबर घर पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन घटना में शामिल लोगों के संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.