CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत बनियापुर प्रखंड के जहांगीरपुर गांव में हल्की बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इस हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. मृतक की पहचान जहांगीरपुर गांव निवासी 55 वर्षीय अच्छेलाल साह के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों व्यक्ति गांव के समीप सब्जी के खेत में काम कर रहे थे. उसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी. बिजली की चपेट में आने से अच्छेलाल साह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं, खेत की ओर भैंस चराने गए प्रभुनाथ भगत भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल प्रभुनाथ भगत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने 100 को कब्जे में लेकर प्रशासनिक आदेश के बाद रात्रि में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.
हल्की बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत ; दूसरा घायल

