CHHAPRA DESK - सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोघवलिया चंवर में हत्या कर फेंके गए शव को पुलिस ने बरामद किया है. शव पुराना होने के कारण काफी गल चुका था. जिसके बाद पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया. शव की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी सुदर्शन नट के 22 वर्षीय पुत्र राजा नट के रूप में की गई. इस सूचना के बाद मृतक के पिता रोते-पीटते वहां पहुंचे और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. इस संबंध में मृतक के पिता सुदर्शन नट ने बताया कि बीते 22 अक्टूबर को उनका बेटा छोटी बच्ची के साथ घर लौट रहा था, उसी बीच गांव का ही सरोज नट उसे बाइक पर बैठाकर साथ ले गया. जिसके बाद उनके बेटे का पता नहीं चला और वह थाना का चक्कर लगाते रहे. जब भी वह सरोज नट से पूछते तो वह कोई जवाब नहीं देता था. आज सुबह उन्हें पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि चंवर से एक युवक का शव बरामद किया गया है और उनके द्वारा पहुंचकर शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की गई. जिसके बाद उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.