SARAN / VAISHALI DESK - सारण जिला के परसा थाना क्षेत्र में अंतर्गत बहलोलपुर दियारा में करंट लगने से एक किशोरी की मौत हो गई. मृत किशोरी की पहचान वैशाली जिला जिला के लालगंज थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी स्व विनोद राय की पुत्री 15 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी बताई गई है. जो कि अपनी दीदी के ससुराल सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहलोलपुर आई थी. जहां आज वह अपने जीजा भूषण राय के घर बहलोलपुर गांव के दियारा में कुंदरी तोड़ने गई थी. उसी दौरान वह खेत के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई. जिससे उसे करंट का तेज झटका लगा और वह मौके पर गिरकर अचेत हो गई. जब तक उसे अस्पताल ले जाया जाता तब तक उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पर परसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया.
खेत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार हटाने की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों में खासा आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार के कारण आए दिन कभी फसल की क्षति होती है तो कभी किसी को करंट लग जाता है और आज मौत भी हो गई. ग्रामीणों ने मांग की है कि दियारा क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के नीचे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.


