CHHAPRA DESK- डोरीगंज थाना अंतर्गत सिंगही गांव के समीप एनएच 19 पर अनियंत्रित जुगाड़ गाड़ी की चपेट में आने से सीएनजी टेंपो चालक की मौत हो गई. हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर स्थिति में चालक को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. मृत टेंपो चालक की पहचान जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के चकनूर गांव निवासी बृजमोहन भगत के 42 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार चौरसिया के रूप में की गई. वहीं सूचना के बाद परिवार वाले भी सदर अस्पताल पहुंचे, जहां मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां आज सुबह शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है. इस संबंध में मृतक के परिवार वालों ने बताया कि वह खाली टेंपो लेकर बीती रात घर लौट रहा था उसी बीच डोरीगंज थाना अंतर्गत सिंगही गांव के समीप जुगाड़ गाड़ी के धक्के से टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गई. वहीं इस घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिक की प्रक्रिया जारी थी.


