CHHAPRA DESK - आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट पंकज चुघ के निर्देश पर आज छपरा जंक्शन आरपीएफ व सीआइबी की संयुक्त टीम जांच के दौरान अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की. शराब को बिहार में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान टीम ने 151.45 लीटर शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपये बताई गई है. आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार के निर्देशन मे टीम स्टेशन पर सघन जांच व निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर गाड़ी संख्या 15232 के पहुंचने के बाद उसके एसी कोच संख्या बी-4 की जांच की गई. जांच के क्रम में पांच प्लास्टिक की बोरियों, एक पिट्ठू बैग और एक झोले में रखी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई. बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 71 बोतल, 375 एमएल की 48 बोतल, मैजिक मोमेंट्स रिमिक्स ऑरेंज फ्लेवर्ड वोडका की 750 एमएल की 24 बोतल, आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की की 180 एमएल की 48 बोतल और ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की की 180 एमएल की 192 बोतल शामिल हैं. इसके अलावा बडवाइजर और किंगफिशर बीयर की 500 एमएल की 10-10 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड की 750 एमएल की आठ बोतल तथा स्मिरनॉफ मिंटी जामुन वोडका की 750 एमएल की चार बोतल बरामद की गई. वही आरपीएफ ने बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी छपरा को सौंप दिया। जीआरपी ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कार्रवाई में आरपीएफ के उपनिरीक्षक विशाल, कांस्टेबल संजय यादव और दिलीप कुमार शामिल रहे.
जंक्शन पर ₹1.30 लाख की शराब बरामद ; तस्करी की खेप लेकर पहुंचा था यात्री


