CHHAPRA / BETIYA DESK - सारण जिला के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव निवासी सुरेश सिंह और उनके सेना में कार्यरत बड़े पुत्र सुधांशु शेखर सिंह की कुशीनगर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में सुरेश सिंह का छोटा पुत्र हिमांशु शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना की खबर मिलते ही बंगरा गांव में मातम पसर गया. फिलहाल पिता-पुत्र के शव गांव नहीं पहुंचे हैं और उनके दरवाजे पर ग्रामीणों व परिजनों की भीड़ जुटी हुई है.बताया जाता है कि रविवार की शाम कुशीनगर के एनएच-27 पर लतवा मुरलीधर के समीप एक वाहन से साइड लेने के दौरान कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर गहरे पानी में जा गिरी. स्थानीय युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पानी में उतरकर कार से पिता-पुत्र के शव बाहर निकाले. दुर्घटना में हिमांशु शेखर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
बता दें कि सुरेश सिंह पूर्व मुखिया जितेंद्र सिंह के चचेरे भाई और बेतिया के चर्चित हार्डवेयर व्यवसायी व ट्रांसपोर्ट संचालक थे. उनके दो पुत्रों में सुधांशु शेखर सेना में जवान थे. जबकि छोटा पुत्र हिमांशु बेतिया में हार्डवेयर का कारोबार करता है. करीब तीन माह पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हिमांशु के उपचार के लिए परिवार गोरखपुर गया था. सुधांशु शेखर की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नंदनी कुमारी से शादी हुई थी. उनका एक माह का पुत्र है. बेटे के जन्म के बाद वह करीब 20 दिन पूर्व छुट्टी लेकर घर आए थे. पति और बेटे की मौत से माता अम्पू देवी व पत्नी नंदनी का रो-रोकर हाल-बेहाल है. एक साथ मां और पत्नी का सुहाग उजड़ने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.


