CHHAPRA DESK - सारण जिला के दिघवारा थाना अंतर्गत गंगा नदी में मछली मारने गए मछुआरों की एक नाव अचानक पलट गई, जिसमें दबकर एक मछुआरे की जहां मौत हो गई, वहीं दो मछुआरे तैरकर बाहर निकल गये. इस घटना के बाद मछुआरे के घर में रोना-पीटना लग गया. मृत मछुआरे की पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 निवासी स्वर्गीय घनश्याम महतो के 60 वर्षीय पुत्र हरेंद्र महतो के रूप में की गई है. सूचना के बाद दिघवारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां आज शव का पोस्टमार्टम कराये जाने की प्रक्रिया जारी है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि हरेंद्र महतो मछली का व्यवसाय करता था और अपने दो अन्य साथियों के साथ नाव से मछली मारने के लिए गंगा नदी में गया था, जहां तेज बहाव के कारण नाव अचानक पलट गई और नाव में दबकर उसकी मौत हो गई. जबकि, दो मछुआरे किसी तरह तैर कर बाहर निकले और अन्य मछुआरों की मदद से नदी में उसके शल की तलाश प्रारंभ की गई. काफी मशक्कत के बाद नदी से उसके शव को बरामद किया गया. जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.