GOPALGANJ DESK- गोपालगंज में रिश्ते के खौफनाक अंत का एक मामला सामने आया है, जहां नाती ने नानी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नाती को गिरफ्तार कर लिया है. मामला जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बनरहां गांव का है. जहां 85 वर्षीय नानी कोईलासी खातून की हत्या उसके 21 वर्षीय नाती साहेब हुसैन ने कर दी है. महिला की मौके पर ही मौत हो गई है. वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है. शुरुआती जांच में उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है. वहीं, स्थानीय स्तर पर हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की चर्चा भी है. हालांकि, इस चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जानकारी के अनुसार, भोरे थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी अनवर मियां का बेटा साहेब हुसैन बचपन से ही अपने मामा के घर बनरहां गांव में रहता था. पिछले कुछ दिनों से वह अपने गांव में रह रहा था. इसी दौरान उसकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उसे फिर ननिहाल लाया गया था. बताया जाता है कि बीती रात खाना खाने के बाद साहेब हुसैन अपनी नानी और ममेरे भाई के साथ एक ही कमरे में सो रहा था. रात करीब दो बजे वह अचानक उठा और नानी के सिर पर चाकू से लगातार वार करने लगा. गंभीर चोट लगने से कोईलासी खातून की मौके पर ही मौत हो गई. हमले के दौरान कमरे में मौजूद ममेरे भाई ने शोर मचाया और बाहर निकलकर आसपास के लोगों को जगाया. आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वृद्ध महिला की मौत हो चुकी थी. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना में उसका ममेरी बहन से ही प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आ रहा है, जिसको लेकर उसके द्वारा इस वारदात को अंजाम दिए जाने की बात बताई जा रही है.