KATIHAR DESK - बिहार के कटिहार में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यहां टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के ठिकानों पर छापेमारी की. विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई है.मिली जानकारी के मुताबिक निगरानी विभाग की टीम कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला स्थित उनके किराए के मकान में पिछले कई घंटों से जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
सासाराम में पदस्थापित हैं अजीत
जानकारी के अनुसार अजीत कुमार दास वर्तमान में सासाराम में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित हैं. निगरानी विभाग की टीम उनके कटिहार स्थित गौशाला के किराए के मकान के साथ-साथ अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. हालांकि, छापेमारी किस मामले को लेकर की जा रही है, जांच के दौरान अब तक क्या-क्या सामने आया है और टीम को किन चीजों की बरामदगी हुई है, इसे लेकर फिलहाल निगरानी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. ऐसे में निगरानी विभाग के आधिकारिक बयान और छापेमारी पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है. आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही इस पूरी कार्रवाई की वजह, जांच के दायरे और अब तक की कार्रवाई की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

