CHHAPRA DESK - सारण के मढ़ौरा स्थित रेफरल सह अनुमंडल अस्पताल में मरीजों और गर्भवती महिलाओं से कथित दलाली, ठगी तथा सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी वीरेश कुमार के आवेदन पर मढ़ौरा थाने में यह कार्रवाई की गई है. आरोप है कि कुछ लोग गर्भवती महिलाओं को ₹1,400 की सरकारी सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर गुमराह करते थे. इसके बाद मरीजों को अस्पताल से बाहर स्थित निजी संस्थानों से दवा खरीदने तथा अनावश्यक जांच कराने के लिए मजबूर किया जाता था. मामले में नेथुआ गांव निवासी उपेंद्र शर्मा, मढ़ौरा खुर्द निवासी अमरेंद्र कुमार सिंह तथा मढ़ौरा निवासी कुणाल कुमार उर्फ केतन कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है. उपेंद्र शर्मा पर अपनी आशा कार्यकर्ता पत्नी के नाम का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया गया है. मढ़ौरा थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि कांड संख्या 739/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर विवेक कुमार को सौंपी गई है. पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, ओपीडी रजिस्टर और सुरक्षा गार्डों के बयान के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है.