PATNA DESK - पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव घाट पर आज अवैध बालू कारोबार को लेकर पुलिस ने छापेमारी की. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह के बाह में गोली छूकर निकल गई है. मुठभेड़ के दौरान बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के भी घायल होने की सूचना सामने आई है. हालांकि पुलिस की ओर से अभी घटना और बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

हथियार और नाव जब्त

घटनास्थल से पुलिस ने एक नाव जब्त की है. साथ ही कार्बाइन जैसे बड़े हथियार भी बरामद होने की सूचना है. गिरफ्तार अपराधी का इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. वहीं डीएसपी अमरेंद्र कुमार व पटना एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंच जांच पड़ताल किया.

टॉप-10 अपराधी का नाम आया सामने

सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल पर पुलिस कार्रवाई के दौरान अवनीश कुमार का नाम भी उभरा है. उसे टॉप-10 अपराधियों की श्रेणी में बताया जा रहा है और वह एके-47 से जुड़े मामले में वांछित रहा है. मुठभेड़ में उसी के पैर में गोली लगने की बात कही जा रही है.

क्या कहती है पुलिस 

इस मामले में बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि परेव सोन बालू घाट पर अवैध बालू खनन हो रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की. छापेमारी के दौरान अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में बचाव में पुलिस ने भी गोलीबारी की. इस मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी और एसआई भी घायल हुए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.