CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत बनियापुर थाना क्षेत्र के छठवां गांव स्थित पोखर में डूबने से 10वीं कक्षा के छात्रा की मौत हो गई. मृतका की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के निवासी राकेश गिरी की 16 वर्षीय तनु कुमारी के रूप में की गई, जोकि अपने ननिहाल बनियापुर में रहती थी. वह अपने ननिहाल में पन्नालाल गिरी के घर रहकर पढ़ाई करती थी. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, तनु कुमारी सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकली थी. काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. गांव के लोगों ने भी आसपास के इलाकों में छात्रा की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसी दौरान गांव के कुछ युवक पोखरे में नहाने के लिए पहुंचे. वहां उन्हें पानी में छात्रा का दुपट्टा तैरता हुआ दिखाई दिया. दुपट्टा मिलने के बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई. इसकी सूचना तत्काल बनियापुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पोखरे में छात्रा की तलाश शुरू कराई. काफी खोजबीन के बाद गोताखोरों की मदद से छात्रा के शव को पोखरे से बाहर निकाला गया. शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. छात्रा की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है.
ननिहाल में छात्रा की पोखर में डूबने से मौत ; शव बरामद होने के बाद लगा रोना-धोना


