CHHAPRA DESK- सारण जिला के कोपा थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन का सेंटरिंग करने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत मौके पर हो गई. मृत मजदूर की पहचान जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के लेजुआर गांव निवासी मुटेली राम के 52 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र राम के रूप में की गई. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह कोपा थाना क्षेत्र में एक भवन का निर्माण कार्य में लगे थे. शाम के समय छत पर सेंटरिंग के दौरान उनके द्वारा उठाया गया सरिया छत के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया. जिसके कारण उन्हें करंट का तेज झटका लगा और मौके पर ही गिरकर अचेत हो गये. कुछ देर बाद जब अन्य लोगों की नजर उनके ऊपर पड़ी तो डॉक्टर से दिखलाया गया तब बताया गया कि उनकी मौत हो चुकी है. इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया. इस संबंध में मृतक के परिवार वालों ने बताया कि बाप-बेटा दोनों भवन निर्माण कार्य में लगे हैं. वह छत पर सेंटरिंग कर रहे थे, उसी बीच छत के ऊपर से गुजर रहे नंगे विद्युत तार के संपर्क में सरिया आ गया और देखते ही देखते करंट लगने से उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद कोपा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया. वहीं इस घटना के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लगा हुआ है.
निर्माणाधीन मकान के सेंटरिंग के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत ; मचा कोहराम


