CHHAPRA DESK - छपरा शहर से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक नर्सिंग होम को आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी दी गई है. यह धमकी मोबाइल फोन से दी गई है. इस घटना की सूचना के बाद जहां जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है, वही प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है. मामला शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा क्लब के सामने स्थित ऑन हेल्थ हॉस्पिटल का है जिसको आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी टेलीफोन पर दी गई है. जिससे हड़कंप मच गया है. वहीं सूचना मिलते ही सारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दी है. बता दें कि इस मामले में ऑन हेल्थ हॉस्पिटल संचालक डॉक्टर नेहा पांडे के पति ओमप्रकाश गर्ग के लिखित आवेदन पर भगवान बाजार थाना में मामला दर्ज किया गया है. आवेदन में अस्पताल को आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी मिलने की बात कही गई है. जिसके बाद एस एस पी विनीत कुमार के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राम पुकार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई. जांच के दौरान पुलिस डिजिटल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर रही है. धमकी देने वाले व्यक्ति तक पहुंचने के लिए विभिन्न तकनीकी माध्यमों की सहायता ली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है जल्द ही मामले का उद्वेदन कर लिया जाएगा .प्रारंभिक जांच में इस घटना का संबंध पहले से दर्ज एक अन्य मामले से होने की आशंका भी सामने आई है. इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस दोनों मामलों के बीच संभावित कड़ी की भी पड़ताल कर रही है. इस मामले में भगवान बाजार थाना अध्यक्ष के द्वारा बताया गया कि कांड संख्या 551/26, के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. तकनीकी अनुसंधान से जांच की जा रही है. फिलहाल इस विषय में कोई जानकारी जांच के बाद ही दी जाएगी.
नर्सिंग होम को आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट ; प्राथमिकी के बाद जांच जारी


