CHHAPRA DESK- सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव स्थित सड़क के किनारे पानी भरे गढ़े में एक युवक को अचेत अवस्था में पाकर उसे परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. उसके मौत का समाचार मिलते ही परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं उन लोगों ने उसके दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. घटना बीते देर रात्रि की है. आज सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम पुलिस के द्वारा कराया गया. मृतक स्थानीय थाना क्षेत्र के एम कुवारी निवासी सुदर्शन राय का 20 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार बताया गया हैं. सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. वहीं परिजनों ने युवक की हत्या कर शव गड्ढे में फेंके जाने की आशंका जताई है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है.

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. वहीं घटना को लेकर आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.