PATNA DESK- राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकराम रोड स्थित एक अपार्टमेंट के बेसमेंट में अपराधियों ने पार्षद के पति अनिल कुमार यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें पांच गोली मारी है. घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो चुके हैं. वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही बुद्ध कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी हुई है. बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 24 की वर्तमान पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में स्थित अपने निजी कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठे थे. तभी 2 बाइक पर 3 नकाबपोश बदमाश पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. बताया गया है कि उन्हें 4 से 5 गोलियां लगी हैं. मौके पर खोखे और खून के निशान मिले हैं. जख्मी अनिल यादव को तुरंत बोरिंग रोड स्थित उदयन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. फायरिंग के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत है. वहीं सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच हो रही है. अपार्टमेंट और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, नाकेबंदी की गई है. फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह साफ नहीं है. पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
पटना में अपराधियों का तांडव जारी ; पूर्व पार्षद सह पार्षद पति पर अंधाधुंध फायरिंग


