SIWAN DESK - सिवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहां RLM के प्रदेश महासचिव असगर मियां उर्फ मस्तान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. असगर मियां पर आरोप है कि उसने एक ठेकेदार से रंगदारी की मांग की और रंगदारी नहीं मिलने पर उसकी हत्या की कथित सुपारी दे दी. पुलिस के मुताबिक, ठेकेदार की हत्या मंगलवार को ही किए जाने की तैयारी थी, लेकिन वारदात को अंजाम दिया जाता, उससे पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और असगर मियां को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. मामला महाराजगंज थाना क्षेत्र के जिगरहंवा गांव निवासी ठेकेदार मुकेश पांडेय से जुड़ा है. पुलिस का दावा है कि ठेकेदार से रंगदारी मांगी गई थी. जब रंगदारी की मांग पूरी नहीं हुई तो RLM के प्रदेश महासचिव असगर मियां उर्फ मस्तान ने कथित तौर पर ठेकेदार की हत्या के लिए दो बदमाशों को सुपारी दी लेकिन हत्या की साजिश अपने अंजाम तक पहुंचती, उससे पहले ही पुलिस को इसकी सूचना मिल गई. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीबी नगर थाना क्षेत्र के गौर रोजा स्थित असगर मियां के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, असगर मियां के खिलाफ पहले से भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि ठेकेदार की हत्या मंगलवार को ही होनी थी और इसके लिए कथित तौर पर पूरी तैयारी कर ली गई थी. लेकिन पुलिस की तत्परता से पहले ही मुख्य आरोपी असगर मियां उर्फ मस्तान गिरफ्तार हो गया. अब पुलिस की नजर उन दो कथित बदमाशों पर है, जिन्हें हत्या की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. बता दें कि असगर मियां अपने गांव में झाड़-फूंक का काम भी करता है और उसके घर पर सुबह से शाम तक लोगों की भीड़ लगी रहती है. फिलहाल RLM के प्रदेश महासचिव असगर मियां उर्फ मस्तान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि रंगदारी की मांग के पीछे कौन-कौन लोग थे और कथित हत्या की साजिश में और कितने लोग शामिल हैं.