CHHAPRA DESK- सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत तीन व्यक्ति की मौत हुई है. इस घटना के बाद तीनों ही परिवारों में मातम छाया हुआ है. पहली घटना जिले के कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव से सामने आई है. दुर्घटना के बाद गंभीर स्थिति में उन्हें जलालपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई. मृतक कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी हीरालाल यादव का 26 वर्षीय पुत्र गोपाल कृष्ण यादव उर्फ भोला यादव बताया गया है. इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में रोना-धोना लग गया. वहीं दूसरी घटना जिले के दरियापुर थाना अंतर्गत दरियापुर दिघवारा रोड पर हुई, जहां सड़क दुर्घटना में दिघवारा थाना क्षेत्र के सीतलपुर बल्ली गांव निवासी नसरुद्दीन आलम के 38 वर्षीय पुत्र सद्दाम आलम गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे दिघवारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई. जबकि, तीसरी घटना जिले के अमनौर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से स्थानीय थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी उमेश राम की 49 वर्षीय पत्नी गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी. उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद संबंधित थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिवार वालों को सौंप दिया है.