CHHAPRA DESK - सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंअर टोली मुहल्ले के एक युवक की वाराणसी के राजेन्द्र घाट पर गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना बीती संध्या की बताई गई है. मृत युवक की पहचान मांझी नगर पंचायत के कुंअर टोली निवासी मनोज शर्मा के पुत्र 24 वर्षीय संतोष कुमार शर्मा उर्फ छोटू के रूप में की गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह बीते दिन अपने आधा दर्जन दोस्तों के साथ गंगा में स्नान कर बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए वाराणसी गया था, जहां हुआ दोस्तों के संग गंगा नदी में स्थान कर रहा था, उसी क्रम में गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब कर उसकी मौत हो गई. दोस्तों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई और खोजबीन के क्रम में उसके शव को नदी से बाहर निकाला गया. जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया है. वहीं इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है.