CHHAPRA DESK- सारण जिला के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोरहट मजवोलिया गांव में एक युवती की मौत हो गई. मृत युवती की पहचान घोरहट मजवोलिया गांव निवासी 23 वर्षीय तरन्नुम खातुन के रूप में हुई है. इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शनिवार की रात तरनुम अपने भाई-बहनों के साथ कमरे में सो रही थी. उसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया. सांप के डसने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले
लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक, सर्पदंश के बाद अत्यधिक ब्लीडिंग होने के कारण तरनुम की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. जिसके बाद घर-परिवार में चीख-पुकार मच गई.

