CHHAPRA DESK - सारण जिला के गौरा थाना क्षेत्र स्थित गौरा मिडिल स्कूल के समीप अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान गौरा निवासी गणेश राय के आठ वर्षीय पुत्र अभिराज कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि अभिराज बीती शाम के समय घर के पास गौरा-नगरा मुख्य सड़क पर कुछ सामान खरीदने के लिए निकला था. उसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उसे कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल हो गया. गौरा थाना प्रभारी मो महताब खां ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालक की मौत ; मचा कोहराम


