GOPALGANJ DESK - बिहार के गोपालगंज जिला से एक बड़ी खबर सामने आया है।जहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शिक्षक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करते हुए देखा जा रहा है. कथित तौर पर वायरल वीडियो गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड स्थित बघेजी सरकारी विद्यालय का बताया जा रहा है. वीडियो में जिस शिक्षक के साथ मारपीट की जा रही है, उनकी पहचान विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार त्रिवेदी के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोप को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने शिक्षक के साथ मारपीट की. हालांकि, इस आरोप की भी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है. मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. घटना को लेकर गोपालगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है. वीडियो की सत्यता, मारपीट के कारण और पूरे घटनाक्रम की जानकारी के लिए बरौली के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. यदि जांच में शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. वहीं, विद्यालय परिसर में प्रवेश कर किसी शिक्षक के साथ मारपीट करने की घटना भी गंभीर है. ऐसे मामले में दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही वायरल वीडियो और मारपीट के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.


