MUZAFFARPUR DESK - बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भिखनपुरा से हथियार के साथ सिवान के एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस ने एक बाइक और मोबाइल भी जब्त किया है. किराये के कमरे में रह रहा गिरफ्तार आरोपित की पहचान आदित्य रंजन के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सिवान के जीबीनगर तड़वारा थाना क्षेत्र के करनपुर का रहने वाला है और वर्तमान में मुजफ्फरपुर के भिखनपुरा इलाके में किराये के मकान में रह रहा था. पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध होने और कमरे पर लगातार संदिग्ध लोगों के आने-जाने की सूचना मिली थी.
गुप्त सूचना पर छापेमारी
एसएसपी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के भिखनपुरा महाराणा प्रताप रोड नंबर 15 स्थित एक मकान में हथियार होने की गुप्त सूचना मिली. इसके बाद एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने छापेमारी कर आदित्य रंजन को गिरफ्तार कर लिया.
हथियार और कारतूस जब्त
तलाशी के दौरान आरोपित के पास से देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद हुए. इसके अलावा एक बाइक और मोबाइल भी जब्त किया गया है. जिसके कारण उसके चोरी या लूट की होने की आशंका के बिंदु पर भी जांच की जा रही है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आदित्य के हथियार तस्करों से तार जुड़े होने की बात सामने आई है. साथ ही किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में होने के बिंदु पर भी जांच की जा रही है. उसका पूर्व आपराधिक रिकार्ड खंगालने के लिए कई जिलों की पुलिस से संपर्क किया गया है. पुलिस पूछताछ में आदित्य ने चंदन तिवारी और अभिषेक तिवारी से हथियार मिलने की बात बताई है. दोनों को सिवान के माधोपुर का निवासी बताया गया है. पुलिस उसकी निशानदेही पर कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है.
गिरोह की तलाश तेज
सिटी एसपी मो मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है,गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

