CHHAPRA DESK - छपरा-मुजफ्फरपुर हाईवे स्थित सोनहो टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित हाईवा ट्रक की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है. इस हादसे में दो लोगों की मौत जहां मौके पर हुई थी, जबकि एक किशोरी की मौत रेफर किए जाने के दौरान हुई थी. वहीं एक-एक कर दो लोगों की मौत उपचार के दौरान हुई है. मृतकों में अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां, उनकी पतोहू इब्राहिम अंसारी की पत्नी शहीदा खारुन एवं 13 वर्षीय पुत्री शना खातुन तथा टोटो चालक इलियास अंसारी का पुत्र दिलशाद अंसारी शामिल है.
जबकि, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार एक मजदूर की मौत तीसरे दिन उपचार के क्रम में हुई है. मृत पांचवें व्यक्ति की पहचान जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो गांव निवासी स्वर्गीय शिवनारायण पंडित के 47 वर्षीय पुत्र बलराम पंडित के रूप में की गई. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह बीते दिन मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी सोनहो टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित ट्रक ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके कारण गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान मौत हुई है.
टोटो व साइकिल सवार को रौंदते हुए बिजली के पोल से टकराई थी ट्रक
बता दें कि बीते 23 अक्टूबर को जिला अंतर्गत छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो टोल प्लाजा के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया. टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा ने पहले एक टोटो को फिर एक साइकिल को और उसके बाद समीप के विद्युत पोल से टकरा गई थी. इस भीषण हादसे में टोटो में सवार अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां, उनकी पतोहू इब्राहिम अंसारी की पत्नी शहीदा खातुन की मौत मौके पर हो गई थी. जबकि इब्राहिम अंसारी की 13 वर्षीय पुत्री शना खातून की मौत सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई थी. वहीं दो मौतें उपचार के दौरान हुई है. इस घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया था.


