GOPALGANJ DESK - गोपालगंज में तीन दिनों से लापता सदर अस्पताल के एक सफाईकर्मी का शव उसके घर के पास नाले से बरामद हुआ है. मृतक की पहचान यूपी के सलेमगढ़ निवासी तिलंगी राम के 35 वर्षीय पुत्र चुन्नी लाल के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया है. चुन्नी लाल पिछले पांच वर्षों से नगर थाना क्षेत्र के हजियापुरखाड़ में किराए के मकान में रह रहा था. वह तीन दिन पहले घर से गायब हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था. आज सुबह कुछ बच्चे मौके पर गेंद खेल रहे थे. उनकी गेंद नाले में चली गई.जब वे गेंद निकालने पहुंचे, तो उन्होंने नाले में एक शव देखा और शोर मचाया. आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला. शव की शिनाख्त सदर अस्पताल में कार्यरत लापता सफाईकर्मी चुन्नी लाल के रूप में हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
हत्या या हादसा, जांच जारी
शुरुआती तौर पर यह मामला हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिसिया तफ्तीश के बाद ही साफ हो पाएगा. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके. परिजनों के अनुसार, सफाई कर्मी बीते तीन दिनों से अचानक घर से गायब था। जब वह काफी समय तक वापस नहीं लौटा, तो उसकी खोजबीन शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.


