CHHAPRA DESK- सारण जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है. आज भी अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में एक किशोर समेत दो व्यक्ति की मौत हुई है. पहली घटना जिले के मांझी थाना क्षेत्र से सामने आई है जहां, मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर प्रिंस कुमार की मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल प्रिंस को इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई.
ग्रामीणों के अनुसार प्रिंस अपने मित्र विशाल उर्फ तेली के साथ बाइक से दवा लेने मांझी जा रहा था. डुमरी के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए. सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने दोनों को मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रिंस को छपरा रेफर कर दिया. वहीं उसकी हालत गंभीर होने पर छपरा से पीएमसीएच रेफर किया गया. परिजन उसे पटना ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई. पीएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जबकि, दूसरी घटना जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के सिविलपुर गांव से सामने आई है. जहां हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है. मृत युवक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव निवासी स्वर्गीय सरयुग राय के 35 वर्षीय पुत्र कमलेश राय के रूप में की गई है. इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह बाइक से कहीं जा रहा था, तभी सिविलपुर गांव के समीप हादसे का शिकार हो गया और दुर्घटना के बाद आनन-फानन में उसे परसा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. वहीं घटना के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लगा हुआ है.

