BHOJPUR DESK- बिहार के भोजपुर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां जिले के संदेश थाना कैंपस स्थित बैरक में बीती रात घटना हुई. बताया जाता है कि राइफल से चली गोली उस जवान के सीने के बाईं ओर लगी, जो बॉडी को पार करते हुए दाएं कंधे से बाहर निकल गई. मृत जवान की पहचान सहार के गुलजारपुर गांव वार्ड नंबर-12 निवासी प्रेम शंकर राय के 25 वर्षीय पुत्र मोनल राय के रूप में हुई है. फायरिंग की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे जवान मौके पर पहुंचे. खून से लथपथ जवान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे आरा रेफर कर दिया. आरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
साथी जवान रितू की राइफल से चली गोली
बताया जाता है कि साथी जवान रितू की राइफल से गोली चली है. घटना के बाद से वो फरार है. हालांकि फायरिंग गलती से हुई या जान बूझकर चलाई गई, इस बारे में कुछ स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. बताया जाता है कि वह बैरक में खाना खाकर अपने कमरे में सो रहे थे. उसी दौरान गोली चलने से बैरक में अफरा-तफरी मच गई.सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित, होमगार्ड कमांडेंट सुभाष सिंह, नगर थानाध्यक्ष देवराज राय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे.पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है. घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और कई सबूत जमा किए. पुलिस ने जब्त राइफल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी है.
हत्या या हादसा, जांच जारी
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि बैरक में फायरिंग के दौरान जवान मोनल राय के सीने में गोली लगी थी. अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई.घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और विभागीय जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल कुछ भी कहना मुश्किल है. मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों से पूछताछ की जा रही है.

