CHHAPRA DESK- सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय एक किशोरी से छेड़खानी का मामला सामने आया है. छेड़खानी के आरोप में 65 वर्षीय एक वृद्ध को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची. सूचना मिलते ही बनियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वृद्ध को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पीड़ित बच्ची को भी अपने साथ लिया और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार, मामले में बच्ची के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार वृद्ध की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय भगेरन महतो के रूप में हुई है. बताया जाता है कि बच्ची के साथ कथित छेड़खानी की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने वृद्ध को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी. घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई. हालांकि, पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई. पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है. पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है. मामले में बच्ची के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी की धाराएं तय कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.